रामतीरथ हत्याकांड का खुलासा: पत्नी, भाई और चचेरे भाई ने मिलकर की थी हत्या

WhatsApp Channel Join Now
रामतीरथ हत्याकांड का खुलासा: पत्नी, भाई और चचेरे भाई ने मिलकर की थी हत्या


बाराबंकी 11 जुलाई (हि.स.)। थाना सतरिख पुलिस ने सिकन्दरपुर माइनर में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज रामतीरथ हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शनिवार को मृतक की पत्नी, सगे भाई और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नींद की गोलियां खिलाकर ईंट से कुचलने के बाद स्टोल से गला घोंटकर हत्या की थी और शव बोरी में भरकर माइनर में फेंक दिया था।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि 05 जुलाई को थाना सतरिख क्षेत्र के सिकन्दरपुर माइनर में 38 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शिनाख्त रामतीरथ पुत्र दयाराम रावत निवासी ग्राम मीसा, थाना गोसाईगंज, लखनऊ के रूप में हुई। 10 जुलाई को मृतक के पिता दयाराम की तहरीर पर सरफजीत (चचेरा भाई), रामदुलारी (पत्नी) और अवधेश कुमार (सगा भाई) के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मैनुअल इंटेलीजेन्स की मदद से तीनों आरोपियों को ग्राम मीसा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि सरफजीत ने अपनी भाभी रामदुलारी और चचेरे भाई अवधेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। 3/4 जुलाई की रात रामदुलारी ने पति रामतीरथ के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं। गहरी नींद में आने के बाद सरफजीत और अवधेश ने ईंट से उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। जब वह अधमरा हो गया तो स्टोल से मुंह दबाकर हत्या कर दी।

साक्ष्य मिटाने के लिए शव को बोरी में भरकर मृतक की ही स्कूटी से ले जाकर सतरिख के सिकन्दरपुर माइनर में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 2 ईंट के टुकड़े, खून से सना स्टोल, तकिया, प्लास्टिक की बोरी और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह खंगाल रही है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को शाबाशी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story