रामनवमी पर पूरे प्रांत में गली-मोहल्लों तक होंगे रामोत्सव कार्यक्रम : राजू पोरवाल
कानपुर, 15 मार्च (हि.स.)। इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर पूरे नवरात्र प्रान्त के सभी जिलों के सभी प्रखंडों में गली-मोहल्लों तक रामोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह बातें रविवार को विश्व हिंदू परिषद के प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने कहीं।
विश्व हिन्दू परिषद कानपुर महानगर द्वारा रामनवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले रामोत्सव कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विहिप प्रांतीय कार्यालय दुर्गा भवन, श्री मुनि हिन्दू इण्टर कालेज गोविन्द नगर में एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नवरात्र के दौरान आयोजित होने वाले रामोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर कार्यकर्ताओं को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रान्त मंत्री ने बताया कि महानगर स्तर का मुख्य रामोत्सव कार्यक्रम 28 मार्च (शनिवार) को सायं चार बजे बीएनएसडी शिक्षा निकेतन, बेनाझाबर में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मिलिंद परांडे (अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री, विश्व हिन्दू परिषद) उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं व समाज को संबोधित करेंगे।
विहिप प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना ने सभी कार्यकर्ताओं धर्मप्रेमी बंधुओं से आह्वान किया कि वे रामोत्सव कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कार्यक्रमों को सफल बनाएं और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
बैठक में विहिप विभाग अध्यक्ष नरेश महेश्वरी, विभाग मंत्री गौरांग, विभाग संगठन मंत्री मनीष, गोपाल, बजरंग दल विद्यार्थी कार्य प्रमुख नरेश तोमर, प्रान्त प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी, मातृशक्ति संयोजिका तापसी चक्रवर्ती, अर्चना समेत सभी चारों जिलों के अध्यक्ष मंत्री संयोजक समेत कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।
रामायण संस्कार परीक्षा पुरस्कार वितरण
विश्व हिंदू परिषद कानपुर दक्षिण का रामायण संस्कार परीक्षा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम प्रांत कार्यालय गोविंद नगर में संपन्न हुआ संस्कार परीक्षा में कर्मयोगी इंटर कॉलेज बर्रा-6 की तान्या यादव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रांत सत्संग प्रमुख विवेक विभाग मंत्री गौरांग, विभाग संगठन मंत्री मनीष गोपाल, जिला अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, जिला मंत्री नितिन जगरानी आदि रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

