भारत–ग्रीस मैत्री समूह में सांसद रमेश अवस्थी को मिली अहम जिम्मेदारी
कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। 18वीं लोकसभा के कार्यकाल में कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी को भारत-ग्रीस संसदीय मैत्री समूह का सदस्य नामित किए जाने का सम्मान प्राप्त हुआ है। यह नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा 60 से अधिक देशों के साथ गठित संसदीय मैत्री समूहों के तहत की गई है। जिसका उद्देश्य भारत के संसदीय सम्बंधों को वैश्विक स्तर पर मजबूत करना और अंतर-संसदीय संवाद को बढ़ावा देना है।
सांसद रमेश अवस्थी ने मीडिया से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा, यह दायित्व मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को वैश्विक पटल पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की।
रमेश अवस्थी ने आगे कहा कि कानपुर की सम्मानित जनता ने जो अटूट विश्वास उन पर जताया है, उसे सर्वोपरि मानते हुए वे सदैव जनसेवा और राष्ट्र सेवा के पथ पर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे। यह नियुक्ति भारत और ग्रीस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी, जिसमें व्यापार, संस्कृति, पर्यटन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की सम्भावनाएं हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा हाल ही में गठित इन मैत्री समूहों में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद शामिल हैं, जो भारत की समावेशी कूटनीति और संसदीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है। ग्रीस के साथ भारत के सम्बंध प्राचीन सभ्यताओं से जुड़े हैं और आधुनिक समय में दोनों देश यूरोपीय संघ के माध्यम से भी जुड़े हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

