औरैया में शॉर्ट सर्किट से राम-जानकी मंदिर में लगी आग, राम दरबार जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में शॉर्ट सर्किट से राम-जानकी मंदिर में लगी आग, राम दरबार जलकर खाक


-करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान

औरैया, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शहर के होमगंज मोहल्ले में श्री पोरवाल धर्मशाला के सामने स्थित लगभग 100 साल पुराने राम-जानकी मंदिर में शनिवार शाम शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से मंदिर का राम दरबार पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मंदिर कमेटी ने लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मोहल्ला निवासी श्रद्धालु युवती स्नेहा रोज की तरह मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंची। इसी दौरान उसने मंदिर के अंदर से धुआं निकलते देखा और तुरंत मंदिर प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही मंदिर पुजारी कमलेश नारायण दीक्षित व कमेटी के राजेंद्र पुरवार समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और मंदिर का ताला खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक राम दरबार पूरी तरह जल चुका था।

आग लगने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। मंदिर पुजारी ने बताया कि एक दिन पहले रामनवमी के अवसर पर भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया था, जिसके चलते सोने-चांदी के मुकुट और आभूषण सजाए गए थे, जो आग में जलकर नष्ट हो गए।

मंदिर कमेटी के अनुसार, आग से करीब 10 लाख रुपये की क्षति हुई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि राम दरबार के पास लगी सीएफएल बल्ब में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story