पीतलनगरी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन
मुरादाबाद, 28 अगस्त (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में शुक्रवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने भाई के माथे पर रोली से तिलक करके उसकी कलाई पर स्नेह की डोर बांधी। मुंह मीठा कराया और उनके दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को रुपये, ज्वेलरी, कपड़े आदि उपहार स्वरूप भेंट दिए। भाई के द्वारा बहन की रक्षा का वचन दिया गया।
रक्षाबंधन के पर्व पर आज सुबह सर्वप्रथम लोगों के द्वारा घरों और मंदिरों में हुई पूजा अर्चना करके घरों के मुख्य द्वार पर रोली से सीताराम लिखा, कुछ लोगों के द्वारा सीताराम के स्टिकर चिपकाए गए। उस पर रोली चावल से तिलक करके राखी बांधी। इसके बाद लोगों ने भगवान के राखी बांधकर रक्षाबंधन के पावन पर्व की शुरुआत की। आज सुबह 5:57 से सुबह 9:48 तक रक्षाबंधन का विशेष शुभ मुहूर्त था। इस मुहूर्त में भी काफी संख्या में भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
त्योहार को लेकर बाजार में दिनभर रौनक रही। सुबह से ही मिठाई और राखी की दुकानों पर भीड़ लगी रही। शहर की तमाम प्रमुख दुकानों की मिठाई दाेपहर बाद तक खत्म हो गई। वहीं भीड़ को देखकर राखी बेचने वाले भी गदगद दिखाई दिए। कहीं पर भाई अपनी बहन से राखी बंधवाने उनके घर पहुंचे तो कहीं बहनें भाइयों के राखी बांधने पहुंचीं। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

