सपा उम्मीदवार धनराज नाथवानी ने की पीएम मोदी की तारीफ, भाजपा प्रवक्ता बोले– 'नाथवानी ने दिल से कहा दिमाग से नहीं'

WhatsApp Channel Join Now
सपा उम्मीदवार धनराज नाथवानी ने की पीएम मोदी की तारीफ, भाजपा प्रवक्ता बोले– 'नाथवानी ने दिल से कहा दिमाग से नहीं'


लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक बड़ी राजनीतिक बयानबाजी सामने आई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा उम्मीदवार और रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज परिमल नाथवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने पर दी गई बधाई के बाद सियासत तेज हो गई है। इस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा तंज कसा है।

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने धनराज नाथवानी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नाथवानी अभी राजनीति में नए हैं, इसलिए उन्होंने 'दिल से सोचा है, दिमाग से नहीं'। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के बेदाग नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण को देखकर कोई भी निष्पक्ष व्यक्ति प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता। नाथवानी ने विपक्ष की ओछी राजनीति से ऊपर उठकर जो सच महसूस किया, उसे दिल से खुलकर स्वीकार किया।

सपा प्रमुख पर सीधा हमला बोलते हुए राकेश त्रिपाठी ने दावा किया कि, दिल से तो अखिलेश यादव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा करते हैं, लेकिन उनके दिमाग में राजनीतिक मजबूरियां हावी हैं।

भाजपा के अनुसार, वोटबैंक बचाने और गठबंधन के दबाव जैसी मजबूरियों के चलते सपा प्रमुख कभी भी सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story