सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में होगी हथकरघा निर्मित बेडशीट की खरीद
लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद की जायेगी। मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के लखनऊ स्थित सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में हुई बैठक में आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में मंत्री राकेश सचान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को शीघ्र प्रभावी रूप दिया जाए, जिससे एक ओर सरकारी संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण वस्त्र उपलब्ध हों और दूसरी ओर प्रदेश के बुनकरों को बड़ा एवं स्थायी बाजार मिल सके। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकतानुसार बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने पर चर्चा हुई।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकारी संस्थानों को आपूर्ति किए जाने वाले उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए। इसके लिए उत्पादों के मानक, गुणवत्ता परीक्षण, दर निर्धारण, मांग प्राप्त करने, क्रय आदेश जारी करने, भुगतान तथा समयबद्ध आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट एवं प्रभावी बनाया जाए।
आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाने का भी प्रस्ताव है। नोडल अधिकारी विभिन्न चिकित्सालयों एवं मेडिकल कॉलेजों से समन्वय स्थापित कर उनकी आवश्यकता एवं आपूर्ति से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करेंगे, जिससे मांग के अनुरूप समय से उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।
मंत्री राकेश सचान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश शीघ्र जारी करने तथा आपूर्ति व्यवस्था को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय संयुक्त आयुक्त पी. सी. ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

