नीट परीक्षा में राजवर्धन सिंह का कमाल, ऑल इंडिया रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया मान

WhatsApp Channel Join Now
नीट परीक्षा में राजवर्धन सिंह का कमाल, ऑल इंडिया रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया मान


जौनपुर,17 जुलाई (हि.स.) जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के शिवपुर कबूलपुर गांव के मेधावी छात्र राजवर्धन सिंह ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जौनपुर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। गुरुवार देर रात घोषित परिणाम में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 297 तथा कैटेगरी रैंक 195 प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

परिणाम घोषित होते ही राजवर्धन के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजन, रिश्तेदार, शिक्षक, मित्र और शुभचिंतक उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने उनकी सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

राजवर्धन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और बड़े भाई को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासित तैयारी और परिवार के निरंतर सहयोग ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। उनका कहना है कि कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

राजवर्धन के पिता नीरज सिंह प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), जौनपुर में शिक्षिका हैं। शिक्षा और संस्कारों से जुड़े इस परिवार ने अपने बच्चों को बेहतर वातावरण और मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने है। राजवर्धन के बड़े भाई हर्षवर्धन सिंह भी प्रतिभाशाली छात्र हैं और वर्तमान में आईआईटी भिलाई से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार के दोनों बेटों की शैक्षणिक उपलब्धियां क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story