राजनाथ सिंह से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने की शिष्टाचार भेंट

WhatsApp Channel Join Now
राजनाथ सिंह से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने की शिष्टाचार भेंट


लखनऊ, 07 जून (हि.स.)। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह से उनके लखनऊ प्रवास के दौरान क्षेत्रवासी, विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, चिकित्सकीय एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों, जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्रीय एवं जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान साथ में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई, विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश पटेल,पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सुरेश तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं लोकतंत्र सेनानी राजेंद्र तिवारी, गंगाराम अंबेडकर, डॉक्टर प्रतिनिधिमंडल की ओर से डॉ. नकुल सिन्हा एवं डॉ. मोहम्मद खालिद, उत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र मोहन भट्ट, बुद्धेश्वर विकास महासभा लखनऊ के प्रतिनिधि मंडल के साथ अजय त्रिपाठी 'मुन्ना', पीजीआई चिकित्सक प्रतिनिधिमंडल अमित गुप्ता, सरगम अपार्टमेंट रेजिडेंट्स संगठन के अनुरोध राय, राजेश सिंह तथा ब्रह्म परिषद समाज के अध्यक्ष एस.पी. अवस्थी सहित विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने अपने सुझाव एवं विचार रक्षा मंत्री के समक्ष रखे।

इसके अतिरिक्त प्रमुख उद्यमियों, क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भी रक्षा मंत्री से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सभी प्रतिनिधिमंडलों का परिचय कराते हुए उनकी रक्षा मंत्री से भेंट करवाई।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story