राजीव गांधी ने तकनीक और युवाओं के दम पर देश को नई दिशा दी : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी ने तकनीक और युवाओं के दम पर देश को नई दिशा दी : पवन गुप्ता


कानपुर, 21 मई (हि.स.)। स्वर्गीय राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक सोच, सूचना तकनीक और युवा शक्ति के माध्यम से नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने का विजन दिया, जिसे आज भी देश याद करता है। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। यह बातें गुरुवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से मोतीझील स्थित राजीव वाटिका में श्रद्धांजलि सभा, माल्यार्पण और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में कंप्यूटर और सूचना तकनीक को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए। पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी ने कहा कि देश का युवा आज भी उनके सपनों के भारत को याद करता है और उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ने की जरूरत है।

कार्यक्रम में ताराचंद रुद्राक्ष, संतोष मिश्रा, राकेश चौहान, प्रतिभा अटल पाल, विकास अवस्थी, शीलू श्रीवास्तव, राकेश साहू, मानेश दीक्षित और सुमन तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story