लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ राजीव कुमार

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक डॉ राजीव कुमार


मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में उनके आवास पर रविवार को स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधिमंडल ने मुरादाबाद निवासी और मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक डॉ राजीव कुमार के नेतृत्व में भेंट की। इस दौरान प्रदेश में उद्यमिता एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के सम्बन्ध में वार्ता की एवं मंच की ओर से सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने स्वदेशी जागरण मंच द्वारा डिजीटल माध्यम से देशभर में चलाए जा रहे मैं भी स्वदेशी समर्थक अभियान का पोस्टर भी जारी किया।

डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में मुख्यत: प्रदेश में उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार के लिए चलाई जा रही योजनाओं के नियमन के लिए उद्यमिता आयोग अथवा उद्यमिता परिषद का गठन, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं माध्यमिक विद्यालयों में स्वावलंबन केन्द्रों की स्थापना करने, स्थानीय लघु, कुटीर उद्योगों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों के लिए स्वदेशी मेले लगाने, 21 अगस्त विश्व उद्यमिता दिवस से सभी शैक्षणिक संस्थानों में उद्यमिता प्रोत्साहन के कार्यक्रम आयोजन करने, सरकारी विभागों में स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों की खरीद अनिवार्य करने, नये उद्यम स्थापित करने वाले युवाओं की समस्या समाधान के लिए एक ही पटल स्थापित करना शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story