संत रविदास की रज कलश यात्रा से सेवा बस्तियों में पहुंचा समरसता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास की रज कलश यात्रा से सेवा बस्तियों में पहुंचा समरसता का संदेश


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। संत रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरक संदेश देता है। रज कलश यात्रा का उद्देश्य उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक एकता को मजबूत करना है। यह बातें मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने रज कलश यात्रा के शुभारंभ के दौरान कहीं।

संत शिरोमणि रविदास महाराज की पावन रज कलश यात्रा ईदगाह स्थित रविदास मंदिर से श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। यात्रा सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के चुन्नीगंज मंडल की विभिन्न सेवा बस्तियों से होकर कर्नलगंज गुरुद्वारे पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रज कलश का स्वागत किया और संत रविदास महाराज के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यात्रा प्रारंभ होने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रज कलश का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित के साथ महापौर प्रमिला पांडेय और वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके बाद अनिल दीक्षित ने श्रद्धापूर्वक रज कलश को सिर पर धारण कर यात्रा का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और एकता को सुदृढ़ करने के लिए प्रासंगिक हैं। रज कलश यात्रा के माध्यम से उनके संदेश को सेवा बस्तियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

यात्रा में धीरज बाल्मीकि, विजय वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, सीमा एमबीए, रीता पासवान, प्रशांत त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत खन्ना बाल्मीकि, रोहित राज, हरिराम गौतम, डैनी गौतम, राहुल पासवान, पूनम कंवर, राधा सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story