मुरादाबाद में पिछले चौबीस घंटे में लगभग 195.37 मिमी बारिश

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में पिछले चौबीस घंटे में लगभग 195.37 मिमी बारिश


मुरादाबाद में पिछले चौबीस घंटे में लगभग 195.37 मिमी बारिश


-मौसम विशेषज्ञ बोले, शनिवार को भी जारी रहेगी बारिश रविवार को धूप निकलने के आसार

मुरादाबाद, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद में शुक्रवार को भी सुबह से शाम तक हुई लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। लगभग 195.37 मिमी बारिश पिछले चौबीस घंटे में आज शाम 5 बजे तक रिकार्ड की गई। महानगर के तमाम मोहल्लों और पाश काॅलोनियों तक जल भराव से लोग परेशान रहे। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है।

राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार, शुक्रवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बारिश के चलते लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को महानगर की पॉश कॉलोनी में शुमार रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर समेत शहर के तमाम इलाके जलमग्न नजर आए। प्रकाश नगर, हनुमान नगर, जयंतीपुर पीतल बस्ती कुंदनपुर, वारसी नगर, बुध बाजार, रेती स्ट्रीट आदि इलाके जल भराव की चपेट में रहे। इस बारिश में नगर निगम की तलीझाड़ नाला सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। वहीं दूसरी ओर नगर आयोग दिव्यांशु पटेल के निर्देश पर सफाई कर्मचारी बारिश में भीगते हुए साफ सफाई का काम करते हुए नजर आए।

मौसम विशेष प्रोफेसर एके सिंह का कहना है कि शनिवार को भी मुरादाबाद में बारिश जारी रहेगी। रविवार को धूप निकलने के आसार हैं। उनका कहना है पश्चिम उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है जिसके चलते आने वाला पखवाड़ा बारिश का ही रहेगा।

मुरादाबाद में रामगंगा का जलस्तर 187.220 मीटर पहुंचा

लगातार हो रही बारिश के कारण रामगंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। हालांकि अभी इसमें मामूली ही बढ़त दर्ज की गई है। इस सीजन में रामगंगा का जलस्तर मामूली बढ़त के साथ गुरुवार को जलस्तर 187.160 मीटर हो गया था। आज शुक्रवार को भी यह बढ़त जारी रही। कटघर पुल के पास सुबह ली गई रीडिंग में 187.200 और शाम को 6 बजे लिए गई। रीडिंग में 187.220 मीटर पाई गई। जबकि खतरे का निशान 190.61 मीटर माना गया है। हालांकि शुक्रवार की रीडिंग अभी खतरे के निशान से काफी दूर है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story