मुरादाबाद : बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, गर्मी और उमस से लोगों को राहत

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, गर्मी और उमस से लोगों को राहत


मुरादाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। बीते एक पखवाड़े से अधिक से बेतहाशा गर्मी और उमस झेल रहे मुरादाबादवासियों को बुधवार सुबह से शाम तक रुक रुक कर हुई बूंदाबांदी ने राहत पहुंचाई हैं। राजकीय इंटर कॉलेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार बुधवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

बुधवार सुबह 11 बजे के बाद आसमान पर काली घटाएं घिरीं और गरज चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। शहर में कांठ रोड समेत कई जगहों पर आधे घंटे झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को भीषण उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर एके सिंह ने बताया कि रविवार तक मुरादाबाद में बारिश या बूंदाबांदी जारी रहेगी। गुरुवार को तेज बारिश होने की संभावना है। मानसून की लगातार होने वाली इस बारिश से गर्मी से काफी हद तक लोगों को छुटकारा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story