रेलवे जांच अभियान में ट्रेनों की पैंट्री कार से 600 अवैध पानी की बोतलें जब्त

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे जांच अभियान में ट्रेनों की पैंट्री कार से 600 अवैध पानी की बोतलें जब्त


कानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान ट्रेनों की पैंट्री कार से अनधिकृत ब्रांड की करीब 600 पैकेज्ड पेयजल की बोतलें बरामद कर जब्त की गईं। यह जानकारी सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन ने दी।

रेल यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और अधिकृत खाद्य व पेय सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर वाणिज्य विभाग की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन ने किया। जांच के दौरान वाणिज्य निरीक्षक कानपुर, मुख्य टिकट निरीक्षक कानपुर और चेकिंग स्टाफ की संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 12312 और 12307 की पैंट्री कार की सघन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पैंट्री कार में “एल्विस” और “बिसलेरी” नामक अनधिकृत ब्रांड की कुल लगभग 600 बोतलें पाई गईं। जांच टीम ने सभी बोतलों को तत्काल पैंट्री कार से उतरवाकर नियमानुसार जब्त कर लिया और रेलवे के एलपीओ कार्यालय में जमा करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि इन ब्रांडों की आपूर्ति रेलवे के नियमों के तहत स्वीकृत नहीं थी।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में केवल अधिकृत विक्रेताओं द्वारा स्वीकृत ब्रांड की वस्तुओं की बिक्री की अनुमति है। यात्रियों के स्वास्थ्य और हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वाणिज्य विभाग समय-समय पर ऐसे विशेष जांच अभियान चलाता रहेगा। यात्रियों से भी अपील की गई है कि किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारी या हेल्पलाइन पर दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story