रेलवे ने लौटाए 611 गुम मोबाइल, तीन करोड़ के फोन पाकर खिले स्वामियाें के चेहरे

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ने लौटाए 611 गुम मोबाइल, तीन करोड़ के फोन पाकर खिले स्वामियाें के चेहरे


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रेलवे यात्रियों के गुम हुए 611 मोबाइल फोन जीआरपी ने छह महीने के अभियान में बरामद किए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र में जीआरपी की 27 टीमों ने कार्रवाई कर इन मोबाइल फोन को बरामद किया। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। रक्षाबंधन के अवसर पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।

एसपी जीआरपी प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने गुरुवार काे बताया कि रेलवे यात्रियों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए छह महीने से अभियान चलाया जा रहा था। इसके लिए जीआरपी की 27 टीमों को लगाया गया था। टीमों ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड और महाराष्ट्र में कार्रवाई करते हुए 611 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान के बाद वापस किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा जीआरपी की प्राथमिकता है और गुम हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा की निगरानी में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे कानपुर शोभमणि उपाध्याय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में टीमों ने कार्रवाई की।

जीआरपी सर्विलांस सेल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 611 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच के दौरान मोबाइल फोन के वास्तविक स्वामियों की पहचान की गई। आज आयोजित मोबाइल वितरण समारोह में सभी बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को विधिवत सौंपे गए।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। यात्रियों ने जीआरपी कानपुर सेंट्रल की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से गुम मोबाइल की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story