रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना : यात्रियों की कहानियों को मिलेगा सम्मान
प्रयागराज, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय रेल केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों यात्रियों के अनुभवों, स्मृतियों और भावनाओं से जुड़ी एक जीवंत यात्रा है। इन्हीं अनुभवों को अभिव्यक्ति देने तथा उनके माध्यम से रेल सेवाओं को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह योजना अखिल भारतीय स्तर पर संचालित है और हिंदी भाषा में सृजनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह जानकारी वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 6,000 रुपये निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त, पांच प्रतिभागियों को 4,000 रुपये प्रत्येक को प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को अपने रेल यात्रा से जुड़े अनुभवों को हिंदी भाषा में मौलिक रूप से प्रस्तुत करना होगा। लेखन की शब्द सीमा न्यूनतम 3000 और अधिकतम 3500 शब्द निर्धारित की गई है। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर चारों ओर कम से कम एक इंच का मार्जिन रखा जाना आवश्यक है। साथ ही, प्रविष्टि के साथ एक पृथक पृष्ठ पर शीर्षक “रेल यात्रा वृत्तांत 2026” अंकित करते हुए लेखक द्वारा दिया गया उपशीर्षक, नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी में), पदनाम, आयु, कार्यालय एवं निवास का पता, मातृभाषा, रेलवे फोन नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा कुल शब्दों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शानी होगी।
पीआरओ ने बताया कि प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां सीधे रेलवे बोर्ड को भी प्रेषित कर सकते हैं। प्रविष्टि भेजने का पता है -सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या–316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली–110002। इस योजना में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

