‘रेल जन युवा संवाद’ के माध्यम से स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण से रूबरू हुए विद्यार्थी व यात्री
मुरादाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ‘रेल जन युवा संवाद’ के माध्यम से विद्यार्थियों एवं यात्रियों को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति किया गया जागरूक।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं स्वच्छ भारत मिशन-2026 के अंतगर्त (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) के अंतर्गत आज मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों एवं स्कूली विद्यार्थियों के साथ ‘रेल जन युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, कचरे के उचित प्रबंधन की जानकारी देना तथा रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा गीले एवं सूखे कचरे सहित विभिन्न प्रकार के अपशिष्टों के उचित पृथक्करण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्टेशन परिसर में उपलब्ध चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग एवं उनमें कचरे को निर्धारित श्रेणी के अनुसार डालने के महत्व को समझाया गया। उन्हें बताया गया कि कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्रित करने से उसका उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण आसान होता है तथा पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहायता मिलती है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

