जौनपुर जलपानगृह से 16 भरे और 37 खाली सिलेंडर बरामद
जौनपुर,16 मार्च (हि.स.)। जौनपुर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण को विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम साही के नेतृत्व टीम ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर रेलवे फाटक स्थित मौर्य जलपान गृह पर छापेमारी की । टीम ने मौके से 16 भरे हुए और 37 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
टीम में शामिल क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जय प्रकाश पांडेय, सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर सदर आशुतोष त्रिपाठी, सप्लाई इंस्पेक्टर योगेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस के साथ सोमवार को सुबह 9 बजे गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास केशव प्रसाद मौर्य जलपान गृह पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान दुकान के पीछे और रेलवे लाइन से महज 10 मीटर की दूरी पर गैस सिलेंडरों का बड़ा अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे हुए और 37 खाली गैस सिलेंडर, कुल 53 गैस सिलेंडर बरामद किए।
दुकानदार इन 53 अवैध गैस सिलेंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। रेलवे पटरी के इतने करीब सिलेंडरों का भंडारण होने से सुरक्षा व्यवस्था में भी भारी लापरवाही सामने आई है। लगभग दो घंटे तक चली इस कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सप्लाई इंस्पेक्टर धर्मापुर अर्चना सिंह ने बताया कि सभी सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया गया है। दुकानदार के विरुद्ध थाने पर तहरीर देते हुए विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

