जिलाधिकारी के निर्देश पर दवा फर्म पर छापा, दवाओं के नमूने जांच को भेजे

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी के निर्देश पर दवा फर्म पर छापा, दवाओं के नमूने जांच को भेजे


देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बडहरा चौराहा स्थित कल्कि बायोटेक पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फर्म के अभिलेखों और दवाओं की गहन जांच की गई। संदेहास्पद प्रतीत होने वाली दो दवाओं के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान फर्म के स्वामी की उपस्थिति में स्टॉक, अभिलेखों और दवाओं के रखरखाव की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां भी पाई गईं, जिनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सहायक आयुक्त (औषधि), गोरखपुर मंडल को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

औषधि निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि संदिग्ध दवाओं के नमूनों की गुणवत्ता की जांच राजकीय प्रयोगशाला में कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि दवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती हैं, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि जनपद में दवाओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि औषधि प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, निगरानी और औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यदि किसी प्रतिष्ठान पर नकली, घटिया या मानकविहीन दवाओं के भंडारण अथवा बिक्री की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि दवा खरीदते समय बिल अवश्य लें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध दवा या अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story