राहुल ने फ़ोटो दिखाकर पूछा,सड़कों की यह हालत क्यों?

WhatsApp Channel Join Now
राहुल ने फ़ोटो दिखाकर पूछा,सड़कों की यह हालत क्यों?


- मंत्री मनोज़ पांडे ने कहा तेज़ी से विकास की ओर अग्रसर है रायबरेलीरायबरेली,09सितम्बर(हि. स.)। सांसद राहुल गांधी ने जिला निगरानी एवं अनुश्रवण समिति(दिशा) की बैठक के दौरान ज़िले की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया,उन्होंने मोबाइल में सड़कों की बदहाल फ़ोटो दिखाते हुए कहा कि सरकार जब पैसा देती है तो ये हालत क्यों है।क़रीब ढाई घंटे तक चली बैठक में विधायकों ने भी विकास से जुड़े मामलों को उठाया। बैठक के बाद विपक्षी विधायकों ने कहा कि विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है जबकि मंत्री मनोज़ पांडे ने कहा कि तेज़ी से रायबरेली विकास की ओर अग्रसर है। बैठक के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

बुधवार को कलेक्ट्रेट के बचत भवन में जिला निगरानी समिति(दिशा) की बैठक राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई,बैठक में राहुल गांधी ने ज़िले की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब सरकार फंड देती है तो यह हालत क्यों है। उन्होंने पिछली बैठकों के निर्णयों पर भी सवाल उठाते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्यवाही करने को कहा। राहुल ने कहा कि ग्रामीण सड़कों की हालत बहुत ख़राब है। अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस व्यवस्था को सुधारें। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मनोज़ पांडे ने कहा कि पहले की तुलना में विकास तेज़ी से हो रहा है। पांच साल में 16 हज़ार सड़कें बनाई गईं है।पहले 20 प्रतिशत राशन मिलता था अब जिलें में सभी को राशन मिलता है। सपा विधायक राहुल लोधी ने कहा कि सरकार कहती है कि 24 हजार करोड़ सड़कों के लिए दिए गए हैं लेकिन वह गए कहां। उन्होंने सड़कों में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। प्रदेश के राज्य मंत्री(स्वतन्त्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मीडिया से कहा कि राहुल गांधी रायबरेली में केवल पिकनिक मनाने आते हैं,इनका जनता से कोई लेना देना नहीं है। दिशा की बैठक के बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए,जहां से उनके दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।

दिशा की बैठक में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडे, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती व सरेनी के विधायक देवेंद्र सिंह शामिल रहे,जबकि रायबरेली की विधायक अदिति सिंह की बैठक में गैर मौजूदगी चर्चा में रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि सिंह,मुख्य विकास अधिकारी परियोजना निदेशक मुनीश चंद्र सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story