रक्षाबंधन के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग हुआ सक्रिय, मिलावट के शक में एक कुंतल मावा नष्ट कराया
मुरादाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम अहरौरा स्थित कारखाने में सोमवार को छापा मारकर मिलावट के शक में 1 कुंतल मावा नष्ट कराया। इस दौरान टीम ने मौके से 20 किलो मलाई रहित दूध पाउडर, सोडा, सेफोलाइट बरामद किया।
इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खोवा का एक सैंपल लिया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव की टीम ने सोमवार की शाम चार बजे मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम अहरौरा स्थित खोवा के कारखाने में छापा मारा। मौके पर 102 किलोग्राम मिलावटी मावा व 22 पैकेट सीलबंद वनस्पति आदि पाए गए। नष्ट किए गए खोया की कीमत 25,750 रुपये बताई जा रही है। पूछताछ से पता चला कि कारखाना प्रीतम सिंह का है।
सहायक आयुक्त के अनुसार खोवा के सैंपल को जांच के लिए लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

