अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत की निष्पक्ष जांच एवं एक करोड़ मुआवजे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत की निष्पक्ष जांच एवं एक करोड़ मुआवजे की मांग


कानपुर, 09 जून (हि.स.)। प्रयागराज की युवा अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत के मामले को लेकर कानपुर के अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई है। द लॉयर्स एसोसिएशन कानपुर की ओर से मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस आयुक्त को मांग पत्र भेजकर मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की गई है।

एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पंडित रविंद्र शर्मा ने बताया कि जागृति शुक्ला कुछ समय पहले एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं। इसके बाद उनका उपचार चल रहा था। अधिवक्ताओं का आरोप है कि उपचार के दौरान अस्पताल में उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। बाद में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।

मांग पत्र में कहा गया है कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिवक्ताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

लॉयर्स एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतका के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा अधिवक्ताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना शामिल है।

पंडित रविंद्र शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मामले का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story