पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 30 मई को दो राष्ट्रीय वेबिनार, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पर होगा मंथन
जौनपुर, 29 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग द्वारा 30 मई को दो राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किए जाएंगे। इन वेबिनारों का आयोजन कम्युनिकेशन टुडे तथा भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस एंड मैनेजमेंट (बीवीआईसीएएम), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर के शिक्षाविद, वरिष्ठ पत्रकार, शोधार्थी और विद्यार्थी सहभागिता करेंगे।पहले राष्ट्रीय वेबिनार का विषय “हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष : परंपरा, परिवर्तन और भविष्य” रखा गया है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक यशोभूमि के प्रधान संपादक श्रीनारायण तिवारी उपस्थित रहेंगे, जबकि भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली के प्रो. प्रमोद कुमार मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।इसी क्रम में आयोजित दूसरे राष्ट्रीय वेबिनार का विषय “नई पीढ़ी की नजर से हिंदी पत्रकारिता” निर्धारित किया गया है। इस सत्र में एचडी यूनिवर्सिटी, रोहतक के पूर्व डीन प्रो. हरीश कुमार तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. राघवेंद्र मिश्रा विशेष वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।इस संबंध में जानकारी देते हुए शुक्रवार को जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने बताया कि वेबिनार का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा, उसके वर्तमान स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों और शोधार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।कार्यक्रम के संयोजन का दायित्व प्रियंका सिंह निभा रही हैं। वहीं, कम्युनिकेशन टुडे के संपादक प्रो. संजीव भनावत तथा बीवीआईसीएएम, नई दिल्ली के निदेशक प्रो. एम.एन. होडा आयोजन का मार्गदर्शन कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित लिंक के माध्यम से वेबिनार में जुड़ सकेंगे। साथ ही शोधार्थियों के लिए विशेष युवा शोधार्थी सत्र का भी आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

