पूर्वांचल विश्वविद्यालय: विषम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म 30 अक्टूबर तक भरे जाएंगे
जौनपुर,22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध महाविद्यालयों में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर सत्र 2026-27 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार काे दी।
उन्हाेंने बताया कि संस्थागत व कैरी फॉरवर्ड छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन विषयों के चयन एवं सत्यापन की तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है। वहीं परीक्षा फॉर्म भरने व सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तथा ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक प्रथम व तृतीय सेमेस्टर तथा परास्नातक सातवें व नौवें सेमेस्टर संस्थागत के साथ ही स्नातक प्रथम व परास्नातक सातवें सेमेस्टर कैरी फॉरवर्ड के फॉर्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्नातक पंचम सेमेस्टर संस्थागत व कैरी तथा छूटे हुए सेमेस्टर के फॉर्म पूर्व की भांति विश्वविद्यालय पोर्टल से भरे जाने हैं। परिणाम संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए support@vbspu.ac.in पर ईमेल भेजा जा सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों, संकायाध्यक्षों व प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराएं, जिससे मुख्य परीक्षाएं समय पर आयोजित कराई जा सकें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

