पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं : सीएमओ

WhatsApp Channel Join Now
पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं : सीएमओ


कानपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान में पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा से वंचित न रहे। अभिभावक, जनप्रतिनिधि और आमजन अभियान में सहयोग करें। यह अपील शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ हरि दत्त नेमी ने काशीराम चिकित्सालय से निकाली गई जागरूकता रैली के दौरान की है।

पल्स पोलियो अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को काशीराम चिकित्सालय से जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली रामादेवी चौराहा होते हुए मनोज इंटरनेशनल पहुंची और वहां से वापस काशीराम चिकित्सालय आकर संपन्न हुई।

रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को पोलियो से बचाव के प्रति जागरूक किया। इस दौरान डीटीओ, डीआईओ, एनयूएचएम नोडल अधिकारी, डीएसओ, अर्बन आरआई नोडल अधिकारी, एडीआईओ, डीपीएम, अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर और प्रोग्राम ऑफिसर जेएसआई अर्बन हेल्थ प्रोग्राम्स सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780750 Articles

Share this story