मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जौनपुर में आयोजित हुआ जनकल्याण संवाद कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जौनपुर में आयोजित हुआ जनकल्याण संवाद कार्यक्रम


जौनपुर,12 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को विश्वास के विकास एवं जनकल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदस्य विधान परिषद बृजेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में बृजेश कुमार सिंह ने वर्ष 2014 से 2026 तक मोदी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। साथ ही टीबी रोगियों को निक्षय पोषण पोटली प्रदान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई। स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर डॉ. गंगाराम गौतम ने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों और जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक बेहतर ढंग से पहुंचाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।कार्यक्रम में डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. डी.के. सिंह, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. एस.के. जायसवाल, सत्यव्रत त्रिपाठी, अरविंद सिंह, राजीव कुमार, उर्वशी सिंह, अविनाश गोयल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशील अग्रहरि ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story