पीयू में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर, बी.फार्मा को छोड़ अन्य पाठ्यक्रमों में मिलेगा अंतिम अवसर
जौनपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतिम अवसर दिया है। परिसर के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। हालांकि बी.फार्मा पाठ्यक्रम को इससे अलग रखा गया है।
परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बी.फार्मा में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा सीयूईटी-यूजी के माध्यम से आयोजित की गई है। इस पाठ्यक्रम की काउंसिलिंग उत्तर प्रदेश तकनीकी प्रवेश काउंसिल (यूपीटीएसी) के माध्यम से कराई जानी है। इसलिए बी.फार्मा को छोड़कर विश्वविद्यालय परिसर में संचालित अन्य सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर के कुछ पाठ्यक्रमों में अभी भी सीटें रिक्त हैं। ऐसे में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विभाग से संपर्क कर रिक्त सीटों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को 10 सितंबर तक हर हाल में अपना प्रवेश सुनिश्चित कराना होगा।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

