पूर्वांचल विश्वविद्यालय में दो शिक्षक बने ओएसडी, आदेश जारी

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में दो शिक्षक बने ओएसडी, आदेश जारी


जौनपुर,05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर दो सहायक आचार्यों को विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, इंजीनियरिंग संस्थान के कम्प्यूटर साइंस विभाग के शिक्षक डॉ. प्रशांत कुमार यादव को ओएसडी-टेक (विशेष कार्याधिकारी, तकनीकी) तथा डॉ. दिव्येंदु मिश्रा को ओएसडी-एडमिन (विशेष कार्याधिकारी, प्रशासन) नियुक्त किया गया है।

आदेश के तहत ओएसडी-टेक डॉ. प्रशांत परिसर नेटवर्क, ई-ऑफिस और डिजिटल कार्यप्रवाह सहित अनुमोदित सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी पहलों के क्रियान्वयन में समन्वय एवं अनुश्रवण करेंगे। वहीं, ओएसडी-एडमिन डॉ. दिव्येंदु मिश्रा कार्यालयी कार्यों, बैठकों, पत्रावलियों एवं पत्राचार का समन्वय करेंगे। साथ ही प्रशासनिक निर्णयों पर की गई कार्रवाई का अनुश्रवण भी उनकी जिम्मेदारी होगी। कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों विशेष कार्याधिकारी कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के सीधे पर्यवेक्षण में कार्य करेंगे। इसके अतिरिक्त कुलपति की ओर से सौंपे गए अन्य दायित्वों का भी निर्वहन करेंगे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story