पत्नी से विवाद के बाद मासूम बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा पति

WhatsApp Channel Join Now
पत्नी से विवाद के बाद मासूम बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा पति


पत्नी से विवाद के बाद मासूम बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा पति


भीषण गर्मी मे 45 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा सुरक्षित

हमीरपुर, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने एक वर्षीय मासूम बेटे को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया और बच्चे समेत कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 45 मिनट तक समझाइश की, जिसके बाद युवक अपने बेटे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आया।

घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बड़े चौराहे के पास स्थित सिचौलीपुरवा तिराहे की है। यहां दोपहर करीब 12 बजे 35 वर्षीय राकेश कुमार दुबे अपने एक वर्षीय पुत्र कृष्णा को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया और उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। करीब 45 मिनट तक चली समझाइश के बाद राकेश अपने बेटे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आया, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

युवक राकेश दुबे का आरोप है कि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती और बच्चे को भी अपने साथ ले जाना चाहती है। उसका कहना है कि वह पत्नी को साथ ले जाने के लिए गया था, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। राकेश ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपने बेटे को पत्नी के साथ नहीं भेजना चाहता। मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, एसडीएम करणवीर सिंह तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक को समझाकर शांत कराया।

एसडीएम करणवीर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते युवक बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था। दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story