महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे समाज : आकांक्षा पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दे समाज : आकांक्षा पांडेय


कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कानपुर पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी समस्या में तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए। समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह बातें बुधवार को एसीपी लाइन आकांक्षा पांडेय ने कहीं।

कानपुर के रिजर्व पुलिस लाइन से बुधवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत स्कूटी रैली निकाली गई। एसीपी लाइन आकांक्षा पांडेय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली।

इस दौरान आमजन को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबरों और संबंधित कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी परेशानी में तुरंत पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया गया।

एसीपी आकांक्षा पांडेय ने बताया कि कानपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

यह रैली सिविल लाइंस स्थित पुलिस लाइन से शुरू होकर फूलबाग में समाप्त हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story