विद्यार्थियों और किसानों को बेहतर सुविधाएं देना व शोध को बढ़ाना प्राथमिकता : डॉ. संजीव गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों और किसानों को बेहतर सुविधाएं देना व शोध को बढ़ाना प्राथमिकता : डॉ. संजीव गुप्ता


कानपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों पर ले जाना हमारी प्राथमिकता है। विद्यार्थियों और किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं दी जाएंगी। शोध कार्यों को बढ़ावा देकर उन्नत तकनीक विकसित की जाएगी। सभी को मिलकर सेवाभाव से काम करना होगा। इससे संस्थान की पहचान और मजबूत होगी। यह बातें सोमवार को कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी (सीएसए) विश्वविद्यालय में नवनियुक्त कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों के अधिष्ठाताओं और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना पर चर्चा की।

बैठक में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के हित में शिक्षक और गैर-शिक्षक सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने दूरगामी सोच के साथ योजनाएं बनाकर संस्थान को प्रगति के शिखर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

डॉ. गुप्ता ने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक और उन्नत बीज उपलब्ध कराना भी विश्वविद्यालय की अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में किसानों को अधिक सुविधा देना, बाहरी केंद्रों पर शोध गतिविधियों को बढ़ाना, विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना, मशीनीकरण को बढ़ावा देना, बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्टाफ की कमी दूर करना और एक्रीडिटेशन पर कार्य करना शामिल बताया।

इस दौरान तकनीकी सचिव ओमप्रकाश, कुलसचिव रेनू सिंह, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी, कृषि कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story