विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : सूर्य प्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता : सूर्य प्रताप शाही


कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। कृषि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। महाविद्यालयों में सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण और व्यवस्थित होनी चाहिए। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहीं।

उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि महाविद्यालय, जमुनाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बीज प्रक्षेत्र, विद्यार्थियों के प्रायोगिक केंद्र, छात्रावास तथा महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, छात्रावास के कमरों की साफ-सफाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रयोगशालाओं में मिलने वाले प्रायोगिक प्रशिक्षण की जानकारी ली। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के उपरांत मंत्री ने छात्रावासों की रंगाई-पुताई, बाथरूम के रखरखाव और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने महाविद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

महाविद्यालय के डॉ. अरुण कुमार, डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय, डॉ. रविन्द्र नाथ वर्मा तथा कृषि विज्ञान केंद्र, जमुनाबाद के वैज्ञानिक एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story