अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रख मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार दें : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रख मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार दें : जिलाधिकारी


कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार काे परेड स्थित जिला उर्सला अस्पताल (पुरुष) और जिला महिला अस्पताल (डफरिन) का औचक निरीक्षण किया। इस दाैरान उन्हाेंने निर्देश दिए कि अस्पतालों में सभी व्यवस्थाओं काे दुरुस्त रखते हुए मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, डफरिन चिकित्सालय की अधीक्षिका डॉ. रुचि जैन समेत संबंधित चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने डफरिन अस्पताल में इमरजेंसी एवं ट्रायेज, प्रसूति वार्ड, मिडवाइफरी लेड केयर यूनिट (एमएलसीयू), पीपीसी वार्ड, एसएनसीयू, स्तनपान प्रबंधन इकाई (एलएमयू), फार्मेसी और ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने योग कक्ष, एनीमिया प्रबंधन इकाई और मॉडल टीकाकरण केंद्र की व्यवस्थाएं भी देखीं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके बाद यूएचएम जिला चिकित्सालय पहुंचकर ओपीडी, ब्लड बैंक, डेंगू वार्ड समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी उपकरणों को सुचारु रखने के निर्देश दिए। किसी मशीन के खराब होने पर तत्काल मरम्मत या आवश्यक कार्रवाई कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन के निर्देशों और निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। निरीक्षण में किसी स्तर पर कमी या गैप सामने आने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में नियमित रूप से कार्य करने वाले चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति से परिचित होते हैं, इसलिए उनके सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाएगा।

उन्होंने दोनों अस्पतालों के अधीक्षकों को निर्देश दिए कि जिन व्यवस्थाओं में सुधार या अतिरिक्त कार्य की जरूरत है, उनकी विस्तृत सूची तैयार कर जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की बैठक में प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई कराकर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story