विपक्ष की अमर्यादित राजनीति पर जनता देगी करारा जवाब: रजनीकांत श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष की अमर्यादित राजनीति पर जनता देगी करारा जवाब: रजनीकांत श्रीवास्तव


प्रयागराज, 21 मई (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रांत सह संयोजक रजनीकांत श्रीवास्तव ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताया है।

उन्होंने कहा कि देश के सम्मानित नेतृत्व के प्रति इस प्रकार की व्यक्तिगत, अमर्यादित एवं अपमानजनक टिप्पणियां न केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाती हैं, बल्कि लोकतंत्र की स्वस्थ परम्पराओं को भी आहत करती हैं। जिस नेतृत्व ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई, राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ किया तथा करोड़ों गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया, उसके प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि आज देश की जनता विकास, सुशासन, राष्ट्रहित और जनसेवा की राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है। विपक्ष के पास जनहित से जुड़े मुद्दों पर कोई ठोस दृष्टिकोण नहीं बचा है। इसलिए वह निराधार आरोपों और व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय लोकतंत्र में जनता समय आने पर अहंकार, भ्रम और अमर्यादित राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अवश्य देती है। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story