महंगाई, पेपर लीक और बदहाल सड़कों के खिलाफ हर विधानसभा में हाेगा आंदोलन : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई, पेपर लीक और बदहाल सड़कों के खिलाफ हर विधानसभा में हाेगा आंदोलन : पवन गुप्ता


कानपुर, 12 जून (हि.स.)। बढ़ती महंगाई, पेपर लीक, महंगी बिजली और कानपुर की जर्जर सड़कों के मुद्दे पर कांग्रेस जनता के बीच जाकर संघर्ष करेगी तथा महानगर की प्रत्येक विधानसभा में पदयात्रा और विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता, युवा, किसान और व्यापारी वर्ग परेशान हैं। संगठन के सभी पदाधिकारियों को जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। यह बातें शुक्रवार को कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन गुप्ता ने तिलक हाल में आयोजित समीक्षा बैठक में कहीं।

बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस दौरान महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं, बिजली दरों में वृद्धि, ईंधन अधिभार और शहर की खराब सड़कों को लेकर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने इन मुद्दों को जनता से सीधे जुड़े विषय बताते हुए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महानगर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा, जनसंपर्क अभियान और विरोध कार्यक्रम चलाए जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।

पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों से पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई। कई पदाधिकारियों ने लगातार कार्यक्रमों से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों पर नाराजगी जताई और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग रखी। इस संबंध में संगठन हित में आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।

अंत में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के अधिकारों, युवाओं के भविष्य, किसानों के हितों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी रितेश यादव ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story