लोकतंत्र की मर्यादा तार-तार करने वालों को जनता देगी जवाब : राजेश गौतम
सुलतानपुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को कादीपुर तहसील के सामने भाजपा महिला मोर्चा एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक राजेश गौतम की मौजूदगी में जोरदार प्रदर्शन किया।
श्री गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अशोभनीय टिप्पणी लोकतंत्र की मर्यादा और 145 करोड़ देशवासियों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की भाषा उनके वैचारिक दिवालियापन और सत्ता की हताशा को दर्शाती है।
लोकतंत्र की मर्यादा तार-तार करने वालों को जनता करारा जवाब देगी।
हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा की महिला नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की। इस दौरान किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य मधु काजल,सुनीता बरनवाल व विजय लक्ष्मी शुक्ला आदि महिला नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है,जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है। जनता 2027 में सपा को इसका करारा जवाब देगी। प्रदर्शन के दौरान “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और सपा घटिया राजनीति बंद करो जैसे नारों के साथ विरोध जताया। इस मौके सुनीता बरनवाल, विजय लक्ष्मी शुक्ला, करिश्मा गौतम, प्रतिमा सिंह, शकुंतला मिश्रा, सुनीता उपाध्याय, सावित्री सिंह, आसमा खातून समेत बड़ी संख्या में महिलाएं व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले जनपद के सपा सांसद व समाजवादी पार्टी के खिलाफ लंभुआ ब्लाॅक मुख्यालय के सामने व कादीपुर में महिला मोर्चा की नेता रागिनी मिश्रा,भावना राय, सुनीता बरनवाल, विजय लक्ष्मी शुक्ला आदि ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

