किसानों की मांगे पूरी नहीं होने तक धरना रहेगा जारी : राकेश टिकैत

WhatsApp Channel Join Now
किसानों की मांगे पूरी नहीं होने तक धरना रहेगा जारी : राकेश टिकैत


नोएडा, 14 सितंबर (हि.स.)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जनपद गौतम बुद्ध नगर के किसानों ने नोएडा विकास प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के दफ्तरों पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। नोएडा में किसानों के धरने में किसान नेता राकेश टिकैत ने भी भाग लिया। वह सोमवार को नोएडा पहुंचे इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में किसान भी थे जो कि अपनी मांगों को लेकर इकट्ठा हुए। राकेश टिकैत नोएडा अथॉरिटी के दफ्तर पर आयोजित महापंचायत में पहुंचे। इस दौरान टिकैत ने जिले की तीनों अथॉरिटी (नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी) पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने किसानों से मांगें पूरी होने तक धरने पर डटे रहने का आह्वान किया।

जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसान 10 प्रतिशत आवासीय प्लॉट, आबादी से जुड़े मामलों का निपटारा और नए कानून के अनुसार 20 फीसदी भूखंड लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा किसान चाहते हैं कि 2013 का भूमि अधिग्रहण कानून लागू हो। इस धरना प्रदर्शन में अलग-अलग किसान संगठन शामिल हैं। किसानों का कहना है कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि ‘तीनों अथॉरिटी से बातचीत होगी। जब तक कोई समाधान नहीं होगा और ठोस निर्णय नहीं होगा जब तक हम यहां पर रहेंगे। अगर अभी भी कोई समाधान नहीं निकलता है तो किसान दिल्ली भी कूच कर सकते हैं। हमारी मुख्य मांग यह है कि 64.7 प्रतिशत मुआवजे, जो प्लॉट दिए जाने हैं वे अलॉट किए जाएं और जिस जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा उनका रेट बढ़ाया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story