गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर प्रदर्शन, छह नामजद आप नेताओं सहित 30–35 अज्ञात पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर प्रदर्शन, छह नामजद आप नेताओं सहित 30–35 अज्ञात पर एफआईआर


उन्नाव, 15 मार्च (हि.स.)। उन्नाव में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक मार्ग पर एकत्र होकर धरना दिया, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। इस संबंध में थाना क्षेत्र में मुकदमा अपराध संख्या 137/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 270, 285, 223 और 189(2) के तहत आम आदमी पार्टी के छह पदाधिकारियों को नामजद किया है, जबकि 30 से 35 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कुलदीप यादव, जिला प्रभारी तुषार श्रीवास्तव, जिला महासचिव शैलेन्द्र उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष दीपक राजपूत, कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता और यूथ जिला अध्यक्ष दीपू कुमार शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय के बाहर एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम की स्थिति पैदा की।

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है, जिससे आम जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी समस्या को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रदर्शन किया गया।

थाना प्रभारी ने रविवार काे बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित

Share this story