सपा सांसद के आवास के बाहर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सपा सांसद के आवास के बाहर महिलाओं ने किया प्रदर्शन


फिरोजाबाद, 10 मई (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विपक्ष के विरोध को लेकर रविवार को महिलाओं ने फिरोजाबाद के सपा सांसद अक्षय यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।

भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अनुपम शर्मा ने कहा कि हम लगातार विपक्षी नेताओं का घेराव करेंगे। केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' देश की महिलाओं को नई पहचान और सम्मान देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति के चलते इसका विरोध कर रहा है।

महिला कार्यकर्ता मुन्नी देवी ने कहा कि जो दल महिलाओं को उनका अधिकार देने के खिलाफ हैं, जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हमेशा महिलाओं के अधिकारों को दबाने का काम करता आया है। अब जब महिलाओं को संसद और विधानसभा में मजबूत भागीदारी मिलने जा रही है तो विपक्ष बौखला गया है।

प्रदर्शन की सूचना पर सांसद आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

इंस्पेक्टर शिकोहाबाद अनुज कुमार का कहना है कि सांसद के आवास पर प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस सुरक्षा कारणों से मौके पर गई थी। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं थी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story