अमेठी में काली पट्टी बांधकर अदा की गईं ईद की नमाज
अमेठी, 21 मार्च (हि.स.)। एक तरफ जहां पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई जा रही है। वही, अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के भनौली गांव में शनिवार को ईद की नमाज ग़मगीन माहौल के बीच अदा की गई।
गांव स्थित जामा मस्जिद इमामबाग में सुबह 9 बजे शिया मुस्लिम समुदाय ने नमाज पढ़ी, जिसमें लोगों ने काली पट्टी बांधकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली ख़ामेनई की शहादत की याद में इस बार शिया समुदाय ने ईद सादगी के साथ मनाने का निर्णय किया। इसी के तहत लोगों ने नए कपड़े न पहनकर सादगी अपनाई और पारंपरिक उत्सव से दूरी बनाई।
नमाज की इमामत पेश इमाम मौलाना गौहर अब्बास ने की और खुतबा दिया। अपने संबोधन में उन्होंने अयातुल्लाह अली ख़ामेनई के विचारों और संदेशों को साझा करते हुए अमेरिका और इजराइल की नीतियों का विरोध जताया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे, जिन्होंने देश और दुनिया में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

