प्लास्टर गिरने पर स्कूल में हंगामा, पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीराबाद पतारा में शनिवार को मॉडल प्राइमरी स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने की घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जायजा लिया।
आज तीन कक्षाओं के कमरे में अचानक छत से प्लास्टर के टुकड़े गिरने लगे, जिससे वहां बैठे छात्र-छात्राएं बाल-बाल बच गए। घटना से घबराकर ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंच गए और व्यवस्थाओं को लेकर विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। प्रधानाचार्य पुष्पा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी माैके पर पहुंच गये। उन्हाेंने जांच में पाया कि विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण तीन कक्षाओं की छत से सीमेंट व चूना झड़ रहा था, जबकि छत गिरने जैसी कोई घटना नहीं हुई। एहतियातन विद्यालय में पढ़ रहे 182 छात्र-छात्राओं को प्रभावित कक्षाओं से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया। घटना में कोई भी बच्चा घायल नहीं हुआ।
उपजिलाधिकारी अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने निर्णय किया है कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की कक्षाएं आरती मैरिज लॉन में तथा आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों की कक्षाएं आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र, जहांगीराबाद में अस्थायी रूप से संचालित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

