सरकार के मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों की संपत्तियों की हो जांच: कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
सरकार के मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों की संपत्तियों की हो जांच: कांग्रेस


लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों की संपत्तियों की जांच कराए जाने की मांग की है। कांग्रेस ने आराेप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

शुक्रवार काे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सीपी राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। अगर साहस है तो भाजपा अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की संपत्ति की जांच कराये। इससे यह पता चलेगा कि पिछले 9 सालों में इस प्रदेश में किस प्रकार और कितनी लूट हुई है।

डॉ राय ने कहा कि प्रदेशभर में जहां कहीं भी अपराधिक या दुःखद घटना होती है ताे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों का कुशलक्षेम व घटना की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करने और पीड़िताें की हरसंभव मदद करने के उद्देश्य से पहुंच जाते हैं। डाॅ राय ने कहा कि विगत दिनों जनपद महोबा में अपराधियों ने एक दलित छात्रा का अपहरण कर 16 दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया गया बल्कि उसके साथ नरभक्षीय व्यवहार भी किया गया। इतनी बड़ी अमानवीय घटना हाेने के बाद भी सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़िता के घर तक नहीं पहुंचा। किन्तु जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पीड़ित का दुःख साझा करने उसके घर जा रहे थे तो प्रशासन ने उन्हें जबरिया रोकने की हरसंभव कोशिश की गई मगर वह किसी तरह पीड़िता के घर पहुंचे और इस अमानवीय घटना के विरोध में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। जिससे भाजपा सरकार पूरी तरह से बौखला गई और न सिर्फ एआई जेनरेटेड एक ऐसा वीडियो बनाया और प्रचारित किया कि अजय राय ने प्रधानमंत्री के विरूद्ध अंससदीय भाषा का प्रयोग किया है और इसी पेशबंदी में फर्जी मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।

डाॅ राय ने कहा कि अभी दो दिन पूर्व ही आगरा नगर निगम ने प्राइवेट बिजली कंपनी टोरेंट का 430 करोड़ रूपये माफ किए हैं, इसके पहले हजारों करोड़ रूपये पूंजीपतियों के माफ कर उनसे भाजपा ने वसूली की है। कांग्रेस पार्टी बहुत पहले से ही यह सिद्ध कर चुकी है कि भाजपा सरकार काम लो-चंदा दो तथा ईडी, आयकर, सीबीआई के छापों से वसूली की नीति बना चुकी है, इससे बड़ा भ्रष्टाचार का उदाहरण भला और क्या हो सकता है? उन्हाेंने कहा कि भ्रष्टाचार का ही परिणाम है कि हमीरपुर में बेतवा नदी पर 90 करोड़ की लागत से 700 मीटर लम्बे निर्माणाधीन ब्रिज का हिस्सा आंघी का झोंक भी न सह सका और भरभराकर गिर गया। इस हादसे में बेगुनाह छह श्रमिकों की दुःखद माैत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल होकर जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story