आपदा के समय सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बचाई जा सकती हैं जानें : महेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
आपदा के समय सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बचाई जा सकती हैं जानें : महेश कुमार


कानपुर, 29 जून (हि.स.)। आग जैसी आपदाओं से होने वाले नुकसान को सतर्कता, प्रशिक्षण और समय पर की गई कार्रवाई से काफी हद तक कम किया जा सकता है। अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन और कर्मचारियों का नियमित प्रशिक्षण मरीजों की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है। यह बातें सोमवार को पुलिस कमिश्नरेट के नोडल अधिकारी एवं एडीसीपी महेश कुमार ने तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर कहीं।

बिगत दिनों लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद कानपुर पुलिस के द्वारा आपातकालीन स्थिति सें बचने के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत आज अंतिम दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन शहर के विभिन्न अस्पतालों के संचालकों और प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, राहत कार्य और सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की विस्तृत जानकारी दी गई। फायर विभाग की टीम ने अस्पतालों में आग लगने के संभावित कारणों, उनसे बचाव के उपायों और आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल, मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया तथा शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई का अभ्यास भी कराया गया।

एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कोचिंग संस्थानों, होटल संचालकों और अस्पताल प्रबंधन के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य विभिन्न संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करना था।

उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी दुर्घटना के दौरान वीडियो बनाने के बजाय पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और तत्काल पुलिस तथा फायर विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि समय पर मिली सहायता और सही सूचना कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story