स्थानीय महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता : मुदिता अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
स्थानीय महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता : मुदिता अग्रवाल


कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर स्थानीय महिला उद्यमियों, डिजाइनरों और उभरते ब्रांड्स को मंच देने के उद्देश्य से गैंजेस क्लब में फैशन एवं लाइफस्टाइल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें 45 से अधिक ब्रांड्स ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। यह बातें शुक्रवार को आयोजक मुदिता अग्रवाल ने कहीं।

आर्य नगर स्थित गैंजेस क्लब के अशोका हॉल में आयोजित ‘दीपावली फेस्टिव एडिट 2026’ में फैशन, हस्तशिल्प और लाइफस्टाइल से जुड़े उत्पादों की आकर्षक रेंज देखने को मिली। प्रदर्शनी में डिजाइनर परिधान, आभूषण, हस्तशिल्प उत्पाद, उपहार सामग्री, सजावटी वस्तुएं और विभिन्न प्रकार की एक्सेसरीज के स्टॉल लगाए गए। दीपावली की खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों ने इन उत्पादों में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में गैंजेस क्लब के चेयरमैन विजय कपूर और उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक अजय कपूर ने भी सहभागिता की। उन्होंने स्थानीय उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी ब्रांड्स को बढ़ावा देने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पादों की पहचान बनाने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर देती हैं।

आयोजक मुदिता अग्रवाल और निर्मल गोयल ने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिला उद्यमियों, डिजाइनरों और उभरते ब्रांड्स को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से उद्यमियों को ग्राहकों से सीधे जुड़ने, अपने उत्पादों की विशेषताएं बताने और कारोबार के विस्तार की संभावनाएं तलाशने में मदद मिलती है।

प्रदर्शनी में शहर के उद्यमियों, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और फैशन प्रेमियों की भागीदारी रही। पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक डिजाइनों के मेल ने आयोजन को खास बनाया। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी को आगंतुकों का अच्छा प्रतिसाद मिला। इस आयोजन ने त्योहारों की खरीदारी के साथ स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने का अवसर प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story