विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम: पद्मश्री रामशरण वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम: पद्मश्री रामशरण वर्मा


बाराबंकी, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरूवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इकाई ‘मेरा युवा भारत, बाराबंकी’ के तत्वावधान में टीआरसी लॉ कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद-संविधान दिवस विशेष’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मान से अलंकृत प्रगतिशील किसान रामशरण वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता ने संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से संविधान की मूल भावना को जीवन में आत्मसात करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि पद्मश्री रामशरण वर्मा ने अपने संघर्ष, अनुभवों और कृषि क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथि यूथ आइकन अंकुर कुमार मिश्रा ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की। वहीं, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं स्पोर्ट्स आइकन नीरज शर्मा तथा राज्य स्तरीय महिला खिलाड़ियों ने खेलों के माध्यम से अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य अश्वनी कुमार गुप्ता, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया और हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक चेतना, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और सकारात्मक सोच विकसित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story