गौमूत्र से निर्मित गोनाइल बनाने का शुरू हुआ काम

WhatsApp Channel Join Now
गौमूत्र से निर्मित गोनाइल बनाने का शुरू हुआ काम


औरैया, 04 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कस्बा खानपुर गौशाला में गौमूत्र से गोनाइल (फिनाइल) बनाने का कार्य गौपूजन के साथ शुरू किया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. विशन सिंह विकल ने कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गौमूत्र से निर्मित गोनाइल प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल क्लीनर है। इसमें रासायनिक फिनाइल की तरह हानिकारक रासायनिक तत्व नहीं होते।

डा. विकल ने बताया कि गौमूत्र में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटी-सेप्टिक गुण पाए जाते हैं। गोनाइल का उपयोग फर्श समेत अन्य स्थानों की सफाई में किया जा सकता है। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संतोष जताया और बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। बीमार गौवंश को काऊ लिफ्टर मशीन से खड़ा किए जाने के कार्य की भी उन्होंने सराहना की। साथ ही नियमित साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था बनाए रखने को कहा।

गौशाला का संचालन करने वाली जै गौ माता ग्रामोद्योग सेवा समिति के मंत्री संतोष कुमार ने बताया कि समिति के गौउत्पाद निर्माण प्रभारी उत्कर्ष शुक्ला ने अनुसंधान के बाद गोनाइल तैयार किया है। उन्होंने बताया कि खानपुर गौशाला में गौकाष्ठ, जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट, नाडेप खाद और गोबर गैस संयंत्र का कार्य पहले से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से गौ आधारित उत्पादों का निर्माण बढ़ाया जा रहा है। इस दौरान पियूष गौतम, विशाल, एंजिल गौतम, हर्ष, राकेश गुप्ता, उत्कर्ष शुक्ला, रामजी तिवारी समेत समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story