1,21 लाख पार्थिव शिवलिंगों की निकाली गई शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
1,21 लाख पार्थिव शिवलिंगों की निकाली गई शोभायात्रा


हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सरीला नगर के ऐतिहासिक शल्लेश्वर मंदिर में 18 अगस्त से चल रहे महाशिव पुराण कथा आयोजन के दौरान नौ दिनों तक चले पार्थिव शिवलिंग निर्माण अनुष्ठान का गुरुवार को विधिवत समापन हुआ। गाजे-बाजे के साथ 1 लाख 21 हजार पार्थिव शिवलिंगों की शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद चंडौत गांव के पास स्थित बेतवा नदी में विधि-विधान से शिवलिंगों का विसर्जन किया गया।

विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भोलेनाथ के भजनों से माहौल शिवमय हो गया। भक्ति गीतों पर महिलाओं और पुरुषों ने जमकर नृत्य किया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। मंदिर परिसर से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए चंडौत स्थित बेतवा नदी के तट पर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद पार्थिव शिवलिंगों का नदी में विसर्जन किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना और कथा का श्रवण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकी प्रभारी ईश्वर नारायण पाण्डेय सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story