पांच दिन की लड़ाई लाई रंग, महिला छात्रावास समेत समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन : कार्तिकेय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
पांच दिन की लड़ाई लाई रंग, महिला छात्रावास समेत समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन : कार्तिकेय गुप्ता


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के महाविद्यालय की मूलभूत और शैक्षणिक समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने पांच दिनों तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया। प्रशासन की ओर से मांगों पर कार्रवाई के लिए लिखित समयसीमा दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। महिला छात्रावास, कक्षाओं, प्रसाधन, खेल सुविधाओं, पुस्तकालय और परिसर के सौंदर्यीकरण समेत सभी विषयों पर निर्धारित समय में काम पूरा करने का आश्वासन मिला है। यह बातें शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बांदा जिला संयोजक कार्तिकेय गुप्ता ने कही।

पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में महिला छात्रावास का संचालन समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर अभाविप कार्यकर्ता पांच दिनों से आंदोलन कर रहे थे। पांचवें दिन जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जिलाधिकारी ने अभाविप का ज्ञापन लिया और मांगों पर कार्रवाई की समयसीमा तय की।

लिखित आश्वासन में महिला छात्रावास को एक नवंबर तक संचालित करने, प्रशासनिक एवं अन्य समितियों का गठन चार अक्टूबर तक और समय-सारिणी का प्रदर्शन सात अक्टूबर तक करने की समयसीमा दी गई है। प्रसाधन और कक्षाओं की व्यवस्था 17 अक्टूबर तथा परिसर की स्वच्छता औIर सौंदर्यीकरण का काम 25 अक्टूबर तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।

इसके अलावा खेल सामग्री की जांच और आवश्यक कार्रवाई तीन नवंबर तक तथा खेल मैदान में बाउंड्रीवाल का निर्माण तीन माह के भीतर पूरा कराने की बात कही गई है। अभाविप ने महाविद्यालय के जर्जर भवनों की मरम्मत, खेल सामग्री की उपलब्धता, पुस्तकालय में आवश्यक पुस्तकों की व्यवस्था और कक्षाओं के नियमित संचालन समेत अन्य समस्याएं भी प्रशासन के सामने रखी थीं। कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि अभाविप निर्धारित समयसीमा में कार्यों के क्रियान्वयन की अपेक्षा करती है। विद्यार्थियों के हित में संगठन की ओर से आवश्यक सहयोग और संवाद जारी रखा जाएगा।

आंदोलन के दौरान शिवम पांडेय, सुभाष त्रिपाठी, कमल रंजन, अभिषेक अग्रहरि, राहुल द्विवेदी, गोविंद तिवारी, स्नेहा नामदेव, अभय साहू, रामेंद्र शर्मा, शैलेन्द्र दीक्षित, प्रवीण त्रिवेदी, ओम सिंह, अक्षय मिश्रा, अभय सोनी, अंश पुष्पक, प्रतिभा सोनी, युवराज सिंह, अम्मू अवस्थी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story