खुटहन में नवजात की मौत के मामले में निजी अस्पताल सील

WhatsApp Channel Join Now
खुटहन में नवजात की मौत के मामले में निजी अस्पताल सील


खुटहन में नवजात की मौत के मामले में निजी अस्पताल सील


जौनपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत और प्रसूता की हालत बिगड़ने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल को सील कर दिया। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई की। यह कार्रवाई जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत के बाद हुई।

मिठनेपुर गांव निवासी अंकित यादव ने बताया कि उनकी पत्नी सुनीता यादव को सोमवार रात प्रसव पीड़ा होने पर गांव की आशा कार्यकर्ता की सलाह पर खुटहन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अंकित का आरोप है कि अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था और अप्रशिक्षित स्टाफ ने प्रसव कराया।

परिजनों के अनुसार, प्रसव के दौरान नवजात को कथित तौर पर खींचकर बाहर निकाला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसी दौरान प्रसूता सुनीता की पसली में चोट लग गई और उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद अंकित यादव ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्साकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम ने जांच टीम गठित की।

बुधवार को जांच टीम ने खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह और पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर जांच की। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रारंभिक जांच में अस्पताल के संचालन में कई खामियां मिलीं। अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने की बात सामने आने के बाद मुख्य गेट और शटर पर सील लगा दी गई। सीएमओ डॉ. गंगा राम गौतम ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story